दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के आधारताल थाना क्षेत्र से घरेलू कामगार महिला के साथ मारपीट और ठगी का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद महिला के साथ न केवल बर्बरता की गई, बल्कि उसे नशीली गोली खिलाकर बैंक खाते से लाखों रुपए निकलवाने का भी आरोप है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट
पीड़िता पूनम बर्मन ने एएसपी सूर्यकांत शर्मा को शिकायत और वीडियो सौंपा है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में मालकिन अंजू पांडे घरेलू कामगार को थप्पड़ मारते और बाल पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए साफ दिखाई दे रही है।
नशीली गोली देकर चेक पर कराए साइन
पीड़िता का आरोप है कि उसे साजिश के तहत नशीली गोली दी गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसी दौरान उससे जबरन चेक पर साइन कराए गए और कार में बैठाकर बैंक ले जाया गया, जहां उसके खाते से लाखों रुपए निकलवा लिए गए।
खाते से निकाले 6 लाख से ज्यादा रुपए
पीड़िता की बहन हीरा बाई के मुताबिक पूनम के बैंक खाते में करीब 6 लाख 30 हजार रुपए जमा थे, जिन्हें आरोपी ने जबरन निकलवा लिया। साथ ही उसकी जमा पूंजी और बैंक से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में रख लिए गए।
पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद, फिर की मारपीट
पूनम का कहना है कि वह कई महीनों से आरोपी के घर काम कर रही थी। अचानक मालकिन ने पैसों की मांग शुरू कर दी। जब उसने देने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और पूरी साजिश को अंजाम दिया गया।
एसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता, जांच शुरू
बुधवार को पीड़िता अपनी बहनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत दी। एएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

