Jabalpur News: बेटे की शादी का कार्ड बांटने निकले शख्स को पिकअप ने कुचला, मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
टेमर भीटा इलाके में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, टेमर भीटा निवासी रवि पटेल के घर में इन दिनों उत्सव का माहौल था। बेटे की शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और पिता खुद सगे-संबंधियों को न्योता देने के लिए उत्साह के साथ घर से निकले थे। उन्हें क्या पता था कि गढ़ा स्टेशन के पास मौत उनका इंतजार कर रही है।

गढ़ा स्टेशन के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने रवि पटेल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वे सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जैसे ही रवि पटेल की मौत की खबर टेमर भीटा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर से कुछ ही दिनों में गाजे-बाजे के साथ बारात निकलनी थी, वहां अब शव पहुंचने का इंतजार हो रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारकर फरार हुए पिकअप चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।पुलिस आसपास के कैमरों को खंगाल रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post