Jabalpur News: रांझी में रंगदारी न देने पर छात्र पर चाकू से हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के रांझी थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रेलवे लाइन के पास बैठे एक छात्र से कुछ युवकों ने 'रांझी में रहने' के बदले हर महीने एक हजार रुपये की रंगदारी मांगी। छात्र द्वारा मना किए जाने पर आरोपियों ने उस पर चाकू और लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

शांतिनगर निवासी 16 वर्षीय हर्षित समन, जो सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र है, देर रात अपने साथी रौनक यादव और कुणाल शर्मा के साथ करोंदी मरघटाई के पास रेलवे लाइन पर बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के ही रहने वाले मेहताब अंसारी और शोएल अंसारी वहां पहुंचे और छात्र को धमकाना शुरू कर दिया।

पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने उससे कहा कि यदि उसे रांझी में रहना है, तो उन्हें हर महीने 1,000 रुपये रंगदारी (हफ्ता) देनी होगी। जब हर्षित ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। मेहताब अंसारी ने चाकू से हमला कर छात्र के बाएं पुट्ठे (हिप) पर गंभीर चोट पहुंचाई। शोएल अंसारी ने लाठी से हमला कर उसकी पीठ पर वार किया। हमला करने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

रांझी पुलिस ने छात्र की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि छात्र पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post