Jabalpur News: अवैध संबंधों के शक में मजदूर की हत्या, 4 दिन पहले गांव से आया था शहर, अंधी हत्या का विजय नगर पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एयरटेल ऑफिस के पास हॉट बाजार इलाके में खंडहर गोदाम के पीछे गंभीर रूप से घायल मिले व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान ग्राम अतरिया थाना गोसलपुर निवासी 52 वर्षीय जगदीश सिंह उर्फ लटोरी गौंड के रूप में हुई थी।

पुलिस के अनुसार 31 मार्च 2026 की सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि मृतक के दोनों हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें थीं। इस पर विजय नगर थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 146/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र मर्सकोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसने अपना नाम गुलाब शाह पिता राजू शाह उम्र 28 वर्ष निवासी करेली जिला नरसिंहपुर, हाल निवासी दीनदयाल चौक माढ़ोताल बताया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि जगदीश उर्फ लटोरी गौंड चार दिन पहले ही ग्राम अतरिया से विजय नगर मंडी में मजदूरी करने आया था। इस दौरान उसकी एक महिला से जान-पहचान हो गई थी। आरोपी गुलाब शाह को संदेह था कि मृतक का उसकी पसंद की महिला से अवैध संबंध है। इसी शक में उसने बांस के डंडे से जगदीश की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक कमलेश मेश्राम, उप निरीक्षक ब्रजेन्द्र तिवारी, आरक्षक दीपक राजपूत, रूपेश जगेत और हरनाम सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post