Jabalpur News: अवैध कॉलोनी पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क-नालियां तोड़ीं; कॉलोनाइजर पर होगी एफआईआर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम दलपतपुर स्थित एक अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर शनिवार को शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक जारी रही। इस दौरान कॉलोनी में बनाई गई सड़कें, नालियां और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। मामले की जांच के बाद संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कॉलोनाइजर श्री गुरुजी कंस्ट्रक्शन को पूर्व में नोटिस जारी कर अवैध निर्माण स्वयं हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके चलते एसडीएम अनुराग सिंह के नेतृत्व में नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से विकसित की गई सड़कें, नालियां और अन्य निर्माण कार्यों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी स्थिति में विकसित नहीं होने दिया जाएगा और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को भी हटाया जाएगा।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोरखपुर ने बताया कि जिले में विकसित की जा रही सभी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, कॉलोनाइजर का लाइसेंस, विकास अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध कॉलोनियों में निवेश भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों का कारण बन सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post