दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गंगा मैया इलाके में क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे एक नाबालिग पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने 16 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने किशोर के गले पर वार किया और उसकी पीठ पर भी कई हमले किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
![]() |
| घायल जॉनसन |
वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग आरोपियों के पास चाकू कैसे पहुंचा और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नाबालिगों के हाथों में धारदार हथियार कैसे पहुंच रहे हैं और छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Tags
jabalpur

