दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दक्षिण-पश्चिमी मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है, जिसके चलते महाकौशल क्षेत्र में मौसम लगातार अपने रंग बदल रहा है। जबलपुर सहित संभाग के जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच सूर्यदेव के तीखे तेवरों ने लोगों को हलाकान किया, जिससे दिन का पारा एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हवा में 54 प्रतिशत नमी होने के कारण भारी उमस रही, जिससे 40 डिग्री का तापमान 42 डिग्री जैसा महसूस हुआ। हालांकि, दोपहर बाद काले बादलों ने डेरा डाला और चली तेज हवाओं ने गर्मी से थोड़ी राहत दी।
आज 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से हवा में नमी काफी बढ़ गई है। इसी के चलते बुधवार, 17 जून को जबलपुर संभाग के जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। विभाग ने जबलपुर में आंधी और बारिश का 'अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण उमस से राहत मिलेगी।
उमस से बेहाल लोग, सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा पारा
मंगलवार को तेज धूप के चलते दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर उमस के कारण लोग पसीने से तर-बतर होते रहे, लेकिन शाम होते-होते ठंडी हवाओं और हल्की बौछारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।
18 या 19 जून को आ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यदि परिस्थितियां इसी तरह अनुकूल बनी रहीं, तो 18 या 19 जून तक मानसून मध्य प्रदेश में दस्तक दे सकता है। खास बात यह है कि इस बार भी मानसून की एंट्री जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांडुर्णा के रास्ते (संभाग के दक्षिणी हिस्से से) होने की प्रबल संभावना है।
Tags
jabalpur
