Jabalpur News: चाँदमारी पहाड़ी में चला चाकू, युवक गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र के अंतर्गत चांदमारी पहाड़ी इलाके में बीती रात शराब के पैसों के लिए एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। 

जानकारी के अनुसार चाँदमारी पहाड़ी (आरोग्यम अस्पताल के पास) निवासी 21 वर्षीय रूपेश नाहरे विक्टोरिया अस्पताल में कार्यरत है। रूपेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर से गोलू की दुकान पर राजश्री (गुटखा) लेने गया था। जब वह दुकान से सामान लेकर वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हैंडपंप के पास उसे इलाके का निहाल सारवान मिला।

आरोपी निहाल ने रूपेश को रास्ते में रोक लिया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की अड़ीबाजी (मांग) करने लगा। जब रूपेश ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी आपे से बाहर हो गया और अभद्र गालियां देने लगा। रूपेश ने जब गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी निहाल ने जेब से चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में चाकू रूपेश के हाथ में लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।

घमापुर पुलिस ने बताया कि पीड़ित रूपेश नाहरे की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी निहाल सारवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) , 118(1), 119(1) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post