दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के डुमना स्थित महगवां में 17 दिनों से लापता किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खाटू श्याम मंदिर के पीछे टेमरभीटा के जंगल में एक पेड़ से लटका शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान 17 वर्षीय नितिन बैगा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम महगवां, डुमना रोड निवासी राजकुमार बैगा का पुत्र नितिन बैगा 9 जून से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। परिजनों की शिकायत पर खमरिया थाने में अपराध क्रमांक 252/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि महगवां स्थित खाटू श्याम मंदिर के पीछे टेमरभीटा के जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, डुमना चौकी प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि किशोर का शव रस्सी के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। लंबे समय तक शव जंगल में रहने और अत्यधिक गर्मी के कारण वह बुरी तरह डीकंपोज हो चुका था तथा शरीर का निचला हिस्सा प्राकृतिक प्रक्रिया के चलते नीचे गिर गया था।
सीएसपी रांझी सतीश कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
