MP News: युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर की अश्लील पोस्टिंग, मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरों और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर युवती और उसकी बहन की तस्वीरें पोस्ट कर उन पर अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से देवास जिले की निवासी है और वर्तमान में इंदौर में रहकर एमपीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही है। वह शहर में किराए के मकान में रहती है।

बहन ने दी फर्जी अकाउंट की जानकारी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च को उसकी बहन ने उसे जानकारी दी कि उसके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित किया जा रहा है। इस अकाउंट पर उसका मोबाइल नंबर भी साझा किया गया था।

शिकायत के अनुसार फर्जी अकाउंट पर पीड़िता और उसकी बहन की तस्वीरें अपलोड की गईं तथा उनके साथ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। अकाउंट की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पीड़िता का आरोप है कि पिछले करीब तीन महीनों से उक्त फर्जी अकाउंट के माध्यम से उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही थी। लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों के कारण उसे सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जांच में जुटी पुलिस

शनिवार को पीड़िता ने जूनी इंदौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए साइबर और तकनीकी टीम इंस्टाग्राम अकाउंट से संबंधित डिजिटल जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post