Jabalpur News: जेडीए की विवादित दुकान को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, मेडिकल कॉलेज के सामने देर रात हंगामा ;देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की एक विवादित दुकान को लेकर गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की, बहस तथा मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की दुकान को लेकर लंबे समय से स्वामित्व और कब्जे का विवाद चल रहा है। मामले में न्यायालय द्वारा स्टे आदेश भी जारी किया गया है। आरोप है कि गुरुवार रात नितिन जैन अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, जिनमें एक जिलाबदर आरोपी भी शामिल था। इसी दौरान दुकान संचालक वैभव वेशवानी और उनके समर्थकों के साथ विवाद शुरू हो गया।

वैभव वेशवानी ने आरोप लगाया कि नितिन जैन और उनके साथियों ने बीच सड़क पर उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है और राजनीतिक संरक्षण के कारण कोर्ट के आदेशों की अनदेखी की जा रही है।

रात करीब 11 बजे हंगामे की सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर भीड़ को हटाया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे और विवादित संपत्ति पर अपना-अपना दावा जताते रहे।

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि जेडीए की दुकान को लेकर वैभव वेशवानी और नितिन जैन के बीच स्वामित्व एवं कब्जे का विवाद है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है और संबंधित दस्तावेजों के साथ उन्हें थाने बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। दस्तावेजों के परीक्षण और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post