दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र के ग्राम औरिया में बारात के दौरान शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दूल्हे के ममेरे भाई सहित बीच-बचाव करने आए एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए हैं।
पैसे न देने पर भड़के आरोपी
जानकारी के अनुसार, बरेला के ग्राम देवरी पटपरा निवासी राजा वंशकार (19 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मजदूरी का काम करता है। शुक्रवार (19 जून) को वह अपनी बुआ के बेटे अजय वंशकार की बारात में शामिल होने के लिए माढ़ोताल के ग्राम औरिया आया था। रात करीब 11:30 बजे जब बारात लग रही थी, तभी ग्राम औरिया और पेट्रोल पंप के बीच पास के गांव मेढ़ी का रहने वाला शारदा वंशकार उसके पास आया। शारदा ने राजा से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब राजा ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
धारदार हथियार से किया हमला, बीच-बचाव करने आए परिजन भी पिटे
विवाद बढ़ता देख आरोपी शारदा वंशकार के साथ मौजूद उसके साथी भूरे वंशकार, गुड्डू वंशकार और वीरू वंशकार भी वहां पहुंच गए और राजा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपियों ने किसी धारदार वस्तु से राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी पसली और कान के पास गंभीर चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर जब राजा के पिता नरेश वंशकार, रिश्तेदार जितेंद्र बेन, गणेश बेन और करिश्मा बेन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में राजा के पिता के चेहरे पर, जितेंद्र के गले व सिर पर, गणेश के सिर पर और करिश्मा के हाथ में चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
माढ़ोताल थाना पुलिस ने घायल राजा वंशकार की शिकायत पर आरोपी शारदा, भूरे, गुड्डू और वीरू वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) [अश्लील हरकत/गाली-गलौज], 119(1) [स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना], 351(3) [जान से मारने की धमकी] और 3(5) [सामूहिक रूप से अपराध को अंजाम देना] के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
