दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा मंदिर के पास रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मारने के बाद करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा। इस बर्बर घसीटने के कारण कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कार सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। इस दर्दनाक हादसे में दो परिवारों के चिराग बुझ गए।
डंपर के नीचे फंसी रही कार, टक्कर के बाद भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि टक्कर के बाद कार सीधे डंपर के अगले हिस्से के नीचे जा फंसी। इसके बावजूद डंपर चालक ने संवेदनहीनता और लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए गाड़ी नहीं रोकी। वह कार को तकरीबन 500 मीटर तक बेरहमी से घसीटता हुआ ले गया। इसी दौरान घिसटती हुई कार आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई। इस दोहरी टक्कर और घर्षण के कारण कार में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और आग बुझाने के साथ ही कार में फंसे लोगों को शीशे तोड़कर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी कार के नजदीक नहीं जा सका और दोनों सवार भीतर ही जिंदा जल गए।
|
दमकल की टीम ने बुझाई आग, चालक पर केस दर्ज
घटना की भयावहता को देख राहगीरों ने तुरंत बरेला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। भारी मशक्कत के बाद जब कार में लगी आग पर काबू पाया गया, तब तक कार पूरी तरह लोहे के कंकाल में बदल चुकी थी।
पुलिस ने मलबे से दोनों मृतकों के झुलसे हुए शव बरामद किए। शवों की स्थिति इतनी खराब थी कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। बरेला पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर जबलपुर की सड़कों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
jabalpur
