Jabalpur News: दफ्तर के बाहर महिला कर्मचारी पर गिरा विशाल आम का पेड़, इलाज के दौरान मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में शुक्रवार शाम आए अचानक तेज आंधी-तूफान ने एक रेल कर्मचारी की जान ले ली। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास स्थित रेलवे के एसएसई वर्क्स जोन-1 कार्यालय परिसर में एक विशाल आम का पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर 58 वर्षीय महिला कर्मचारी कमला बाई की दर्दनाक मौत हो गई। 

ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, एक के बाद एक गिरे दो पेड़

जानकारी के अनुसार, चूल्हागोलाई नारायणपुर क्षेत्र की निवासी 58 वर्षीय कमला बाई रेलवे में सहायक कार्य (असिस्टेंट) के पद पर पदस्थ थीं। रोज की तरह शुक्रवार को भी वह कार्यालय में अपनी ड्यूटी पर थीं। प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार ने बताया कि शाम के समय अचानक मौसम बदला और 40-45 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने लगी।

तभी कार्यालय के बाहर खड़ीं कमला बाई के ऊपर हवा के तेज झोंकों के कारण एक भारी-भरकम आम का पेड़ उखड़कर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवा का वेग इतना तेज था कि वहां एक के बाद एक दो पेड़ गिरे, जिसकी चपेट में आने से महिला रेलकर्मी पूरी तरह मलबे के नीचे दब गईं।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसा होते ही दफ्तर में मौजूद अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास मौजूद लोगों और रेलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद पेड़ की टहनियों को हटाकर महिला को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत इलाज के लिए रेलवे केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों और डॉक्टरों के मुताबिक, पेड़ की सीधी चपेट में आने के कारण कमला बाई के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। रेलवे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था। अस्पताल में वेंटिलेटर और डॉक्टरों की सघन निगरानी के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और शनिवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post