दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिछाई इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की नियत से उसके सिर और गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रिछाई (सरकारी स्कूल के पास) निवासी छिंगा रैकवार (50 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी का काम करता है। बीती रात करीब 11:10 बजे वह अपने घर पर लेटा हुआ था, तभी अचानक उसकी पत्नी सविता के चिल्लाने की आवाज आई। सविता ने शोर मचाते हुए बताया कि सरकारी स्कूल के पास उनके बेटे मोहित रैकवार को कुछ लोग चाकू से मार रहे हैं।
आवाज सुनकर जब छिंगा रैकवार मौके पर पहुंचा, तो उसने देखा कि इलाके के ही बादल कोल, बच्चू कोल और विक्की कोल उसके बेटे मोहित को घेरकर चाकू से हमला कर रहे थे। पिता और स्थानीय लोगों को चिल्लाते हुए अपनी ओर आता देख तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। जानकरी के अनुसार "बादल कोल, बच्चू कोल और विक्की कोल ने पुरानी रंजिश (बुराई) की बात को लेकर पहले मोहित के साथ गाली-गलौज की और फिर हत्या करने की नियत से चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।"
इस जानलेवा हमले में मोहित रैकवार के सिर के पिछले हिस्से और गर्दन के बाईं तरफ गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल रांझी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
रांझी थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बादल कोल, बच्चू कोल और विक्की कोल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 109(1), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
