दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ढलगर मोहल्ला (घोड़ा नक्काश) इलाके में शनिवार देर रात चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शराब पीने के लिए ₹500 की रंगदारी न देने पर एक बदमाश ने कार मैकेनिक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ढलगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद रजा मंसूरी (36 वर्ष) भवरताल गार्डन के पास फोर-व्हीलर गाड़ी सुधारने (मैकेनिक) की दुकान चलाते हैं। शनिवार की रात करीब 11:30 बजे रजा अपने साथी रहीश के साथ घर के पास जोबट किराना दुकान के सामने खड़े थे।
तभी अचानक वहां इलाकाई बदमाश हारून पहुंचा और मोहम्मद रजा से गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए ₹500 की मांग करने लगा। जब रजा ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी हारून आगबबूला हो गया। उसने तुरंत अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और मोहम्मद रजा की बाईं जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
जान से मारने की धमकी देकर भागा आरोपी
चाकू लगने से मोहम्मद रजा मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हारून उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से रफूचक्कर हो गया। आसपास के लोगों और साथी की मदद से घायल को तुरंत विधान मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
अस्पताल से मिली सूचना के बाद हनुमानताल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल के बयानों के आधार पर तस्दीक की। पुलिस ने आरोपी हारून के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी) (अश्लील हरकत/गाली-गलौज), 119(1) (गंभीर चोट पहुंचाना) और 351(3) (जान से मारने की धमकी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। हनुमानताल पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं, उसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
