Jabalpur News: गोरखपुर गुरुद्वारा के सामने चले चाकू, युवक घायल; साहिल और प्रतीक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोरखपुर अंतर्गत गुरुद्वारा के सामने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंट के बगीचा नंबर 55, पासी मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय आदित्य स्वामी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आदित्य तैयब अली पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता है। शुक्रवार रात लगभग 9:45 बजे वह गोरखपुर गुरुद्वारा के सामने कपड़े डाई कराने गया था। इसी दौरान वहाँ उसे साहिल ठाकुर मिला, जो पुराने विवाद को लेकर उससे झगड़ा और गाली-गलौज करने लगा।

विवाद के दौरान ही साहिल ठाकुर का साथी प्रतीक भी वहाँ पहुँच गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने आदित्य के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच साहिल ठाकुर ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर आदित्य के बाएं पैर की जांघ में गंभीर चोट पहुँचा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

गोरखपुर पुलिस ने पीड़ित आदित्य स्वामी की रिपोर्ट पर आरोपी साहिल ठाकुर और प्रतीक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1) , 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post