दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर क्षेत्र में शादी की बात करने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, फूटाताल बढ़ई मोहल्ला बेलबाग निवासी 25 वर्षीय प्रिस विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि वह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपनी दोस्त की मां कृष्णा बाई नामदेव से शादी के संबंध में चर्चा करने अमखेरा कुदवारी स्थित उनके घर गया था। वह अपनी दोस्त पायल नामदेव और उसकी मां के साथ घर में बैठकर बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान पायल के चाचा का पुत्र मनू नामदेव उसे आवाज देकर घर के बाहर बुलाकर ले गया, जहां उसके साथ तरुण उर्फ शेरा भी मौजूद था। आरोप है कि तरुण ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तरुण ने चाकू से हमला कर उसकी कमर में चोट पहुंचा दी।
घटना के दौरान पायल नामदेव और उसकी मां ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना गोहलपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
