Jabalpur News: इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड मामले में 30 हजार का इनामी मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार, साजिशकर्ता पिता अब भी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी क्षेत्र के चर्चित सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन (25 वर्ष) को रांझी पुलिस ने उसके 16 वर्षीय विधि-विवादित बाल सहयोगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, 1 देसी ऑटोमेटिक पिस्टल और 2 कारतूस भी बरामद किए हैं।

बता दें कि आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा 10,000 रुपये और पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह द्वारा 20,000 रुपये का इनाम (कुल 30,000 रुपये) घोषित किया गया था।

ईसाई कॉलोनी के पास से घेराबंदी कर दबोचा

23 अप्रैल 2026 को रांझी इलाके में सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन अंडरग्राउंड था। रांझी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से इनपुट मिला कि आरोपी गोरखपुर क्षेत्र में छिपा है। पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाते हुए गोरखपुर की ईसाई कॉलोनी के पास घेराबंदी की और प्रिंस नेल्सन व उसके नाबालिग साथी को दबोच लिया।

पिता 'बाबा नेल्सन' है मुख्य साजिशकर्ता, तलाश जारी

पुलिस जांच में यह साफ हो चुका है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता प्रिंस का पिता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन उर्फ रिंकू नेल्सन है। उसने ही अपने बेटे प्रिंस और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना था। हत्या की इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के बाद से ही पिता-पुत्र फरार थे। फिलहाल पुलिस की टीमें बाबा नेल्सन की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

दो सह-आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या में मदद करने वाले दो सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (मूल निवासी सुआतला, नरसिंहपुर, वर्तमान निवासी माढोताल) और मोहित ठाकुर (निवासी वर्धा हाउस, कैंट) शामिल हैं, जो फिलहाल जेल में हैं।

आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि उसके 16 वर्षीय नाबालिग साथी को किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अब मुख्य आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि उसके पिता और मुख्य साजिशकर्ता बाबा नेल्सन के छिपने के ठिकाने का पता लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post