Jabalpur News: मामूली विवाद में युवक के पेट में घोंपा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार टिकरिया निवासी 32 वर्षीय शिशुपाल सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। वह ट्रैक्टर से खेत से घर लौट रहा था। केवलारी फाटक के पास पहुंचने पर फाटक बंद होने के कारण वाहनों की कतार लगी हुई थी। उसने भी अपना ट्रैक्टर वहीं खड़ा कर दिया।

इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर अक्षय माना अपने दो साथियों के साथ आया और ट्रैक्टर हटाने की बात कहने लगा। शिशुपाल के अनुसार उसने फाटक खुलने के बाद ट्रैक्टर हटाने की बात कही, जिस पर तीनों आरोपित गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने उसे ट्रैक्टर से नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अक्षय माना ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल को पहले शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया।

गोसलपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अक्षय माना एवं उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 109 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post