दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना मंगलवार, 16 जून से शुरू होगी। प्रदेश के 87 हजार से अधिक अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व करने वाली इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के परिणामों पर पूरे कानूनी जगत की नजरें टिकी हुई हैं। मतगणना की प्रक्रिया अत्यंत जटिल और लंबी होने के कारण इसके एक माह या उससे अधिक समय तक चलने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम
निर्वाचन अधिकारी एवं हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एस.के. पालो तथा वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ ने बताया कि मतगणना को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक हाईटेक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो प्रत्येक मतपत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे। सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं ताकि मतगणना की विश्वसनीयता पर किसी प्रकार का सवाल न उठे।
87 हजार से अधिक अधिवक्ताओं ने किया मतदान
गौरतलब है कि मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला था, जिसमें प्रदेशभर के लगभग 87 हजार अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को लेकर सभी जिला एवं तहसील मुख्यालयों में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला था।
जबलपुर में भी दिखा था खास उत्साह
संस्कारधानी जबलपुर में भी अधिवक्ताओं के बीच मतदान को लेकर विशेष उत्साह नजर आया था। यहां 9,819 अधिवक्ता मतदान के लिए पंजीकृत थे। उनके लिए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट परिसर और जिला न्यायालय परिसर में मतदान केंद्र बनाए गए थे।
Tags
jabalpur
