Jabalpur News: चाकूबाजी में घायल नाबालिग जॉनसन की मौत, दो नाबालिग हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। गंगा मैया क्षेत्र के 13 वर्षीय जॉनसन पिल्ले की चाकूबाजी की घटना में उपचार के दौरान मौत हो गई। जॉनसन की मौत की खबर फैलते ही रांझी सहित शहर के कई इलाकों में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा हमला


जानकारी के अनुसार गंगा मैया क्षेत्र निवासी जॉनसन पिल्ले का अपने परिचित दो नाबालिग लड़कों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि इसी दौरान दोनों नाबालिगों ने आक्रोश में आकर चाइना चाकू से जॉनसन पर हमला कर दिया। हमले में जॉनसन के गले पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया जॉनसन

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल जॉनसन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दो नाबालिग पुलिस हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post