Jabalpur News: पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट करने वाले शातिर बदमाश और 3 नाबालिगों को दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी और संजीवनीनगर थाना क्षेत्रों में चाकू की नोक पर लूटपाट करने के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहले मामले में बरगी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर अपराधी और उसके तीन नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने मंगेली मार्ग पर एक कार सवार जोड़े को घेरकर लूट लिया था। वहीं दूसरी ओर, संजीवनीनगर थाना अंतर्गत अंधमूक बायपास फ्लाईओवर पर बाइक सवार बदमाशों ने एक किसान को कट्टा और चाकू दिखाकर चांदी की चेन, नगदी लूटने के साथ ही जबरन ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए। 

बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई वारदात को लेकर पुलिस ने बताया कि पीड़ित सर्वम नामदेव अपनी महिला मित्र के साथ कार (एमपी 28 सीए 6203) से तिलवारा से गौरीघाट लौट रहे थे। इसी दौरान मंगेली बायपास मार्ग पर मोटरसाइकिल से पहुंचे चार युवकों ने उनकी कार को जबरन रोककर उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने चाकू अड़ाकर डराते-धमकाते हुए मोबाइल फोन, कार की चाबी और नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी और बरगी सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के नंबर की पहचान की।

इस सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही कृष उर्फ बाबू सुमन (19 वर्ष, निवासी जनता स्कूल पानी की टंकी के पीछे, बिलहरी) और उसके तीन नाबालिग साथियों को अभिरक्षा में लिया। कड़ी पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन, कार की चाबी, वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी कृष उर्फ बाबू के खिलाफ पूर्व से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट के तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

लूट की दूसरी बड़ी वारदात संजीवनीनगर थाना क्षेत्र के अंधमूक बायपास फ्लाईओवर पर रविवार की देर रात घटित हुई। माढ़ोताल आईटीआई के सामने रहने वाले 32 वर्षीय किसान पुष्पेंद्र पटेल रविवार रात करीब सवा 12 बजे ग्राम सेमरा स्थित अपने खेत से स्कूटर से घर लौट रहे थे। तभी फ्लाईओवर पर बिना नंबर की मोपेड से आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू दिखाकर उनके गले से चांदी की चेन और स्कूटर की डिक्की में रखे फसल बिक्री के 20 हजार रुपये लूट लिए। इसी बीच दूसरी मोटरसाइकिल (एमपी 20 जेडएक्स 5693) से दो अन्य बदमाश वहां पहुंचे, जिन्होंने कट्टा दिखाकर पुष्पेंद्र का मोबाइल छीन लिया और जबरन दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। शातिर बदमाशों ने किसान का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उससे यह कहलवाया गया कि उसने यह पैसे अपनी मर्जी से ट्रांसफर किए हैं। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड लेकर और भी ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। किसान द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मोबाइल वहीं फेंककर कटंगी बायपास की तरफ भाग निकले। संजीवनीनगर पुलिस ने पीड़ित किसान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post