दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंचीं। डुमना एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री राकेश सिंह, इंदर सिंह परमार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, विधायक लखन घनघोरिया समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शनिवार रात जबलपुर पहुंचेंगे।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे वीवीआईपी रूट पर करीब 3000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस क्रमांक-1 में विश्राम करेंगी।
रविवार को राष्ट्रपति सुबह गैरिसन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शिरकत कर विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।
हालांकि, दीक्षांत समारोह से पहले कई शोधार्थियों और स्वर्ण पदकधारियों ने मंच पर सम्मान नहीं मिलने को लेकर विरोध जताया है, जिससे कार्यक्रम चर्चा में बना हुआ है।
राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के साथ-साथ रविवार को री-नीट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जिससे प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। छात्रों की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष बस सेवा और परीक्षा केंद्रों पर परिजनों के लिए शेड, पेयजल, पंखे और नाश्ते की व्यवस्था की है।
सुरक्षा के मद्देनजर डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और पूरे वीवीआईपी रूट के 15 किलोमीटर दायरे को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
राष्ट्रपति के दौरे, योग दिवस, दीक्षांत समारोह और री-नीट परीक्षा को देखते हुए रविवार को जबलपुर पूरी तरह हाईअलर्ट मोड पर रहेगा।
Tags
jabalpur
.jpeg)

