Jabalpur News: दोस्त की गाड़ी से कट्टा निकाल रहा था शुभम, अचानक ट्रिगर दबने से लगी गोली

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के कृपाल चौक में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूटी की डिक्की में रखी पिस्टल उठाते समय अचानक गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार कृपाल चौक निवासी शुभम ठाकुर (20) के घर शनिवार दोपहर गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। सिलेंडर भरवाने जाने के लिए उसने अपने पड़ोसी और दोस्त की एक्सिस स्कूटी ली थी। घर पहुंचने के बाद जब वह गैस एजेंसी की पासबुक रखने के लिए स्कूटी की डिक्की खोल रहा था, तभी उसमें एक पिस्टल रखी दिखाई दी।

बताया जा रहा है कि पिस्टल देखकर शुभम घबरा गया और वह उसे घर के अंदर सुरक्षित रखने के लिए उठा रहा था। इसी दौरान उससे अनजाने में ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे उसके हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुभम को खून से लथपथ देखकर परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिस्टल किसकी है और वह स्कूटी की डिक्की में कैसे पहुंची। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला केवल लापरवाही का है या इसके पीछे अवैध हथियारों के किसी नेटवर्क का संबंध है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post