दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा कल रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट (NEET-UG) परीक्षा के लिए जबलपुर जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर में महामहिम राष्ट्रपति के आगमन और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से सुचारू रखने के लिए कदम उठाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुँचने में कोई असुविधा न हो।
शहर से दूर 3 केंद्रों के लिए चलेंगी विशेष बसें
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शहर से अधिक दूरी पर स्थित 3 प्रमुख परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए 'पेमेंट बेसिस' (सशुल्क) पर दो-दो विशेष बसों के संचालन की व्यवस्था की है। यह बसें निर्धारित समय पर रवाना होंगी:
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (समाधि रोड, बरबटी): इसके लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक से पहली बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे रवाना होगी।
शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय (ग्राम मंगेली): इस केंद्र के लिए मेडिकल कॉलेज तिराहा से पहली बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे मिलेगी।
राज्य होटल प्रबंधन संस्थान (डुमना एयरपोर्ट रोड): यहाँ के लिए भी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक से पहली बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
यातायात सहायता के लिए पुलिस बल तैनात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में यातायात पुलिस सहित जिले के समस्त थाना पुलिस बल को प्रमुख मार्गों, चौराहों और परीक्षा केंद्रों पर विशेष रूप से तैनात किया गया है। यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में यातायात जाम, मार्ग अवरोध या वाहन खराबी जैसी समस्या आती है, तो पुलिस द्वारा त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सड़कों पर अनावश्यक वाहन खड़े न करें और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखने में सहयोग दें।
आपात स्थिति के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
यातायात या वी.वी.आई.पी. मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर परीक्षार्थी और अभिभावक पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निम्नलिखित कंट्रोल रूम और अधिकारियों के नंबरों पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं।
विशेष यातायात हेल्पलाइन: 7049158826
पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर: निरीक्षक मनीष राय (9826185759)
उप पुलिस अधीक्षक यातायात: बैजनाथ प्रजापति (9425389328)
कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम जबलपुर: 0761-2624350
डिप्टी कलेक्टर: रघुवीर सिंह मरावी (9406759078)
तहसीलदार: सुश्री नीलिमा राजलवाल (9685054923)
Tags
jabalpur
