Jabalpur News: बहन को फोन कर रास्ता पूछ रही थी महिला, पीछे से आए बाइक सवार ने उड़ाया मंगलसूत्र और मोबाइल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना केंट अंतर्गत सदर के व्यस्ततम अब्दुल हमीद चौक प बाइक सवार बदमाश ने ई-रिक्शा में अपने परिवार के साथ जा रही एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और हाथ से मोबाइल फोन झपट्टा मारकर लूट लिया और रफूचक्कर हो गया। केंट पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी मोहल्ला (वार्ड बाई का बगीचा) निवासी 30 वर्षीय अनुज कोरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। बीती रात लगभग 10:00 बजे वह अपने ई-रिक्शा (क्रमांक MP 20 MZ 3394) में अपनी पत्नी पूजा कोरी, साली मन्नू बेन और अपनी छोटी बच्ची को बैठाकर सदर स्थित मोदीवाड़ा की तरफ जा रहा था। वे लोग एपीएन स्कूल के पास रहने वाली पत्नी की बड़ी बहन गुड़िया साहू के घर जा रहे थे। ई-रिक्शा में अनुज की पत्नी पूजा कोरी दाहिने तरफ (सड़क की ओर) बैठी हुई थी। 

जैसे ही उनका ई-रिक्शा सदर के अब्दुल हमीद चौक के पास पहुँचा, पूजा अपनी बड़ी बहन से घर का सही पता पूछने के लिए अपने मोबाइल से कॉल करने लगी। इसी दौरान पीछे से एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार तेजी से आया और चलती रिक्शा में पूजा के गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र और हाथ में रखा 'रियलमी' कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया। जब तक परिवार कुछ समझ पाता या शोर मचाता, बदमाश अपनी मोटरसाइकिल से एपीएन स्कूल और लोहार मोहल्ला की तरफ तेजी से भाग निकला। केंट थाना पुलिस ने पीड़ित अनुज कोरी की रिपोर्ट पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और भागने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाश की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post