MP News: जनकल्याण शिविर में शिवराज की अफसरों को चेतावनी, बोले- काम रोकने नहीं, जनता की सेवा करने आए हैं

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सीहोर। जिले के इछावर क्षेत्र के आजाद चौक में रविवार को आयोजित जनकल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कुछ अफसरों को जनता के काम रोकने में ही मजा आता है, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक सोच के साथ काम करने और हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से भटकाने से बचने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा भी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों ने भाग लिया तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

पात्र हितग्राहियों को मिलेगा आवास योजना का लाभ

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगभग 21 हजार लोगों का सर्वे पूरा हो चुका है और अब उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान बनाने के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब का हक नहीं मारा जाएगा। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से हटाया गया है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की मंशा गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, इसलिए अधिकारी भी सकारात्मक मानसिकता के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों या पात्र हितग्राहियों को वंचित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

36 गांवों को मिली नई सड़कों की सौगात

जनकल्याण शिविर के दौरान विकास कार्यों को गति देते हुए इछावर क्षेत्र के 36 गांवों के लिए 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इछावर आगमन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनका काफिला रोककर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post