Jabalpur News: राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे को लेकर विशेष यातायात व्यवस्था, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्सन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 20 एवं 21 जून 2026 को प्रस्तावित जबलपुर आगमन के मद्देनजर शहर में विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित योग कार्यक्रम तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके चलते 21 जून को विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्सन लागू रहेगा।

गैरीसन ग्राउंड क्षेत्र में रहेगा यातायात डायवर्सन

पुलिस प्रशासन के अनुसार सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक भारी वाहन, यात्री बसें एवं लोडिंग वाहन एकता मार्केट से डायवर्ट होकर चूल्हा गोलाई मार्ग से शहर की ओर आवागमन करेंगे।

वहीं सुबह 6 बजे से 9 बजे तक पेंटीनाका, सृजन चौक, यादगार चौक एवं टीआई क्रॉसिंग से गैरीसन ग्राउंड की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मंडला की ओर से आने वाले वाहन पेंटीनाका से समन्वय चौक की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। हालांकि जायसवाल पेट्रोल पंप से कटंगा और बंदरिया तिराहा जाने वाला मार्ग सामान्य रूप से चालू रहेगा।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए नर्मदा क्लब ग्राउंड के गेट नंबर-1 पर वीआईपी पार्किंग, गेट नंबर-2 पर कार एवं दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। आरसीएम ग्राउंड में बसों, कारों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक वाहनों की पार्किंग होगी, जबकि मुर्गी मैदान ग्राउंड को बस पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है।

मीडिया प्रतिनिधियों के वाहनों की पार्किंग सदर मेन रोड स्थित वैशाली डेंटल केयर के सामने रहेगी। मीडिया कर्मी जायसवाल पेट्रोल पंप से टीआई क्रॉसिंग मार्ग होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मार्ग पर भी रहेगा प्रतिबंध

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के सामने का मार्ग वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान के समय सुबह 11 बजे से 11:45 बजे तक तथा दोपहर 12:30 बजे से 1:15 बजे तक सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा।

विश्वविद्यालय परिसर में गेट नंबर-1 को वीआईपी पार्किंग, गेट नंबर-2 को वीवीआईपी प्रवेश द्वार, गेट नंबर-3 को आपातकालीन निकास द्वार तथा गेट नंबर-4 को कार एवं दोपहिया वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है।

नीट परीक्षार्थियों को मिलेगी छूट

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को उक्त यातायात प्रतिबंधों से मुक्त रखा जाएगा, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आमजन से सहयोग की अपील

पुलिस एवं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि राष्ट्रपति एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के शहर आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post