MP News: कान्हा नेशनल पार्क में गश्त कर रहे वन कर्मचारी को बाघ ने उतारा मौत के घाट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाघ के हमले से वन विभाग के एक अग्नि सुरक्षा श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लखन सिंह (29) पुत्र बुद्ध सिंह, निवासी ग्राम आमगहन, जिला बालाघाट के रूप में हुई है। 

जानकारी के अनुसार लखन सिंह कान्हा टाइगर रिजर्व में अग्नि सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत था। रविवार सुबह वह चार सदस्यीय गश्ती दल के साथ नियमित पैदल वन गश्त पर निकला था। इसी दौरान कान्हा परिक्षेत्र की नकटी घाटी बीट के कक्ष क्रमांक 136 स्थित घंघारनाला क्षेत्र में एक बाघ ने अचानक हमला कर दिया।

बाघ के हमले में लखन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बम्हनी बंजर अस्पताल भेजा गया।

सिझोरा बफर के सहायक संचालक आशीष पांडे ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम वन क्षेत्रों में हिंसक वन्यजीवों के बीच कार्य करने वाले वनकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लखन सिंह का निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।

वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है। अधिकारियों के अनुसार शासकीय नियमों के तहत देय शेष सहायता राशि भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post