Jabalpur News: राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 20 और 21 जून को 'नो फ्लाई जोन' घोषित, ड्रोन उड़ाने पर होगी जेल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जबलपुर भ्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत विशेष कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के प्रतिवेदन पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राघवेन्द्र सिंह (भा.प्र.से.) ने डुमना विमानतल, सर्किट हाउस क्रमांक-1, एम.ई.एस. रेस्ट हाउस, गैरीसन ग्राउंड कार्यक्रम स्थल, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय कार्यक्रम स्थल तथा निर्धारित रूट के 15 किलोमीटर आवागमन क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार 20 एवं 21 जून 2026 को उक्त क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन, यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल), पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, काइट तथा अन्य उड़ान योग्य वस्तुओं के संचालन और उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय व्ही.व्ही.आई.पी. सुरक्षा मानकों के अनुरूप लिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 223 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि से बचने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post