Jabalpur News: पंजाब बैंक कॉलोनी में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने लगाई फांसी, पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब बैंक कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन साल के भीतर एक 24 वर्षीय विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर उसका 7 महीने का मासूम बच्चा रो रहा था। मर्ग जांच और मायके पक्ष के बयानों के बाद पुलिस ने आरोपी पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

नगर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार शिव ने बताया कि गत 15 जून को पंजाब बैंक कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय सुमित अहिरवार ने थाने में सूचना दी थी। सुमित के मुताबिक, 14 जून की शाम करीब 6 बजे जब वह काम से घर वापस लौटा, तो उसका 7 महीने का बेटा रो रहा था। उसने अपनी पत्नी विनीता अहिरवार (24 वर्ष) को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह घर के ऊपरी फ्लोर पर गया, तो वहां बने रूम के दरवाजे के वेंटिलेशन रॉड में विनीता अपनी चुन्नी के फंदे से लटकी हुई थी। 

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के बाद मर्ग कायम कर मामले को गहन जांच में लिया। जांच के दौरान मृतिका विनीता अहिरवार के मायके पक्ष के लोगों के विस्तृत कथन दर्ज किए गए। परिजनों ने रोते हुए पुलिस को बताया कि विनीता की शादी 4 मई 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से सुमित अहिरवार के साथ हुई थी। शादी के लगभग एक साल बाद से ही पति सुमित और ससुर बलराम अहिरवार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।

मायके पक्ष का आरोप है कि आरोपी पति और ससुर विनीता पर मायके से एक मोटरसाइकिल लाने या उसके एवज में ₹1 लाख नगद लाने का लगातार दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर विनीता के साथ मारपीट की जाती थी और उसे गंभीर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी क्रूरता और प्रताड़ना से तंग आकर विनीता ने 14 जून की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच आत्मघाती कदम उठा लिया। 

CSP रितेश कुमार शिव के अनुसार, मर्ग की संपूर्ण जांच और मायके पक्ष के बयानों में आरोप सही पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति सुमित अहिरवार और ससुर बलराम अहिरवार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 3(5) तथा धारा 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी विवेचना कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post