Jabalpur News: घंटाघर चौक पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने ऑटो चालक को मारी जोरदार टक्कर, हालत गंभीर ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्ततम घंटाघर चौक के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े ऑटो चालक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी ओमती के अनुसार, ऑटो चालक घंटाघर के समीप अपने ऑटो के साथ खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर चोटों के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑटो को टक्कर मारने के बाद कार चालक ने भागने की कोशिश में वहां खड़े एक अन्य वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार चालक नशे की हालत में था या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post