Jabalpur News: बीयर लेने उतरा था कार मालिक, चाबी लगी देख सैंट्रो उड़ा ले गया शातिर चोर; लार्डगंज पुलिस ने दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की सैंट्रो कार और जुपिटर स्कूटर बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके विरुद्ध तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे।

पुलिस के अनुसार, कमानिया गेट निवासी संजय राहुल जैन (54) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई की रात वह रानीताल धोबीघाट से आगा चौक की ओर जा रहे थे। उजारपुरवा स्थित कलारी के पास उन्होंने अपनी सैंट्रो कार (एमपी 15 सीए 7087) खड़ी कर दी। जल्दबाजी में कार की चाबी वाहन में ही लगी रह गई। जब वह बीयर लेकर लौटे तो कार मौके से गायब थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जीरो डिग्री क्षेत्र में चोरी की सैंट्रो कार खड़ी है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कार में बैठे समीर डुमार (24) निवासी उजारपुरवा, हाल निवासी चांदमारी तलैया कांचघर, घमापुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कलारी के पास से सैंट्रो कार चोरी करना स्वीकार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने गोराबाजार क्षेत्र से एक जुपिटर स्कूटर चोरी कर अपने उजारपुरवा स्थित घर में छिपाकर रखना भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सैंट्रो कार और जुपिटर स्कूटर बरामद कर लिया।

जांच में पता चला कि जुपिटर चोरी का मामला गोराबाजार थाना में पहले से दर्ज है। वहीं आरोपी के खिलाफ लार्डगंज थाने में तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे। पुलिस ने आरोपी को संबंधित प्रकरण और वारंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में एएसआई राजेश वर्मा, एएसआई मनोज गोस्वामी तथा आरक्षक पंकज, शुभम और आदर्श की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post