Jabalpur News: जय प्रकाश नगर में बेकाबू कार ने मचाई तबाही, टक्कर इतनी जोरदार कि हवा में उछल गए लोग, 6 घायल; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत जय प्रकाश नगर में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहाँ एक बेहद तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और दुकानदारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में फल विक्रेता, चाय वाले और मोबाइल दुकान संचालक सहित कुल छह लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम एक कार अत्यधिक तेज गति से जय प्रकाश नगर क्षेत्र से गुजर रही थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू हुई कार सड़क किनारे लगी दुकानों और वहां मौजूद लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे को देखते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी छह घायलों को संभाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घायलों में शामिल फल विक्रेता, चाय विक्रेता और मोबाइल दुकान संचालक को शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post