दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने से इनकार करने पर एक चाय दुकानदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सिंधी कैम्प पुलिस चौकी के पीछे निवासी राकेश कुवानी (30) दुर्गा चौक स्थित बड़ी खेरमाई मंदिर के पास चाय की दुकान संचालित करता है। पीड़ित ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान क्षेत्र का रहने वाला शिवांश सोनकर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा।
दुकानदार द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। हमले में राकेश की बाईं जांघ पर तीन स्थानों पर तथा दाहिने हाथ में चोटें आईं। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि यदि इलाके में दुकान चलानी है तो पैसे देने पड़ेंगे, अन्यथा जान से मार देगा।
हनुमानताल थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 119(1), 296(बी) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
jabalpur
