दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्यप्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इंदौर कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर कार्यालय परिसर में प्रवेश किया और गेट तोड़ने की कोशिश भी की।
कार्यकर्ता अपनी मांगों का ज्ञापन कलेक्टर शिवम वर्मा को सौंपना चाहते थे। मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल, साफ और पर्याप्त शौचालय, व्यवस्थित कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा बिजली, प्रकाश, इंटरनेट, पार्किंग, छात्राओं की सुविधाएं, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्थाओं को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने शासन और महाविद्यालय प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने और सरकारी शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
Tags
madhya pradesh
