दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी में बारिश के साथ ही सड़कों की बदहाली सामने आ गई है। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कों तक जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है और बारिश का पानी गड्ढों में भरने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का खतरा बढ़ गया है।
ऐशबाग थाने के सामने सड़क की हालत सबसे खराब
ऐशबाग थाने के सामने करीब 80 मीटर सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि कई जगह सड़क का अस्तित्व ही नजर नहीं आता। बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव के बीच वाहन हिचकोले खाते हुए निकल रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश में हालात और खराब हो जाते हैं। पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
रायसेन रोड पर भी गड्ढों से जूझ रहे लोग
सुभाषनगर से रत्नागिरी चौराहे तक रायसेन रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई हिस्सों में सड़क की स्थिति खराब है। दोनों ओर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों को रास्ता तय करने में परेशानी हो रही है। रात के समय समस्या और बढ़ जाती है, क्योंकि अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते।
अटल पथ से न्यू मार्केट तक बदहाल सड़कें
अटल पथ, लिंक रोड नंबर-2, एमपी नगर, न्यू मार्केट और रोशनपुरा समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में भी सड़कें गड्ढों से पटी हैं। बारिश होने पर यही गड्ढे पानी से भरकर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन जाते हैं। वहीं बारिश रुकने के बाद धूल उड़ने से लोगों को दूसरी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण रोजाना हजारों वाहन चालक प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभागों से सड़कों की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
Tags
madhya pradesh
