MP News: भोपाल सेंट्रल जेल पहुंचने के दो दिन बाद बंदी की मौत, पुलिस पर मारपीट का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 35 वर्षीय नीरज धाकड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नीरज को सीमेंट चोरी के मामले में 7 अगस्त को सूखी सेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जेल पहुंचने के दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गिरफ्तारी के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि नीरज के शरीर पर चोटों के निशान थे और इन्हीं चोटों के कारण उसकी हालत बिगड़ी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जेल प्रशासन ने बताया सीने में दर्द

भोपाल सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह परिहार के मुताबिक, नीरज ने सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की थी। उसकी हालत को देखते हुए उसे शनिवार को तत्काल हमीदिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

चोरी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

नीरज धाकड़, निवासी देवरी गांव, तहसील गौहरगंज, जिला रायसेन को सूखी सेवनिया पुलिस ने सीमेंट चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उसे भोपाल सेंट्रल जेल भेजा गया।

बंदी की मौत के बाद मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच में गिरफ्तारी से लेकर पुलिस थाने की कार्रवाई, मेडिकल परीक्षण, जेल में दाखिले और अस्पताल में हुए इलाज की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की भी जांच होगी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। नीरज की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post