MP News: दतिया में पूर्व TI शेर सिंह बड़ोनिया ने थामा कांग्रेस का हाथ, नरोत्तम मिश्रा पर साधा निशाना

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया की राजनीति में रविवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब पूर्व टीआई शेर सिंह बड़ोनिया ने सम्मान समारोह के मंच से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह और कांग्रेस प्रदेश महासचिव अवधेश नायक का सम्मान किया गया था। इसी दौरान बड़ोनिया ने अपने पुलिस सेवा के अनुभव साझा करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद बड़ोनिया ने पुलिस सेवा के दौरान अपने साथ हुए घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दबाव और विभागीय कार्रवाई के बीच उन्हें महज 25 मिनट के भीतर सेवा से बाहर कर दिया गया था। बड़ोनिया ने कहा कि उन्होंने इसे केवल नौकरी का मामला नहीं माना, बल्कि इसे अपने स्वाभिमान की लड़ाई समझा और इसी कारण राजनीति में आने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि मान-सम्मान के लिए कभी झुकना नहीं चाहिए। दोस्ती हो तो उसे ईमानदारी से निभाना चाहिए और मुकाबला हो तो पूरी ताकत से सामने खड़ा रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी रचना सिंह का भी जिक्र किया और कहा कि मुश्किल दौर में उन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दिया।

बड़ोनिया ने कहा कि वे वर्ष 1996 से दतिया को देखते आ रहे हैं। उनके मुताबिक, उस समय का दतिया और आज का दतिया काफी बदल चुका है। उन्होंने कोतवाली थाने का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कभी वे और उनके साथी काम करते थे, वहां का मौजूदा माहौल देखकर उन्हें दुख होता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2008 के बाद दतिया में ऐसा माहौल बना, जिससे परिवारों और समाज के भीतर भी विरोध की स्थिति पैदा हुई। बड़ोनिया ने कहा कि एक समय अपराध और आतंक पर शासन का नियंत्रण था, लेकिन बाद के वर्षों में परिस्थितियां बदलती चली गईं।

2023 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बड़ोनिया ने कहा कि जब डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नाम के आगे ‘पूर्व’ लगा, तो उन्हें और दतिया की जनता को खुशी हुई। उन्होंने मतगणना केंद्र के बाहर जुटी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों में बदलाव को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा था।

बड़ोनिया ने घनश्याम सिंह की जीत को दतिया की जनता का फैसला बताया और मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने घनश्याम सिंह को वोट देकर क्षेत्र में बदलाव की नींव रखी है।

सम्मान समारोह के दौरान एक बैनर भी चर्चा का विषय रहा। बैनर में देश और प्रदेश के कई बड़े नेताओं के फोटो लगाए गए थे, लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की तस्वीर नजर नहीं आई। कार्यक्रम के दौरान यह बैनर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

पूर्व टीआई शेर सिंह बड़ोनिया के कांग्रेस में शामिल होने से दतिया की स्थानीय राजनीति में नई राजनीतिक सक्रियता के संकेत मिले हैं। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम सिंह, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अवधेश नायक समेत पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post