दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) डिंडौरी। जिले के अमरपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के सिधौली गांव में एक ओपन कैंप में बड़ी मात्रा में धान बारिश में खराब होती मिली। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। कैंप में करीब 50 ट्रक धान खुले में पड़ी मिली, जबकि बड़ी मात्रा में धान पॉलीथीन से ढकी हुई थी।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि किसानों से खरीदी गई धान को खुले में रखने और समय पर मिलिंग के लिए नहीं भेजने से शासन को लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। उन्होंने मौके की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।
जन विश्वास अभियान के दौरान रुके विधायक
विधायक धुर्वे ने बताया कि शुक्रवार को वे समर्थकों के साथ सिधौली गांव में जन विश्वास अभियान में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में ओपन कैंप देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया और धान की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई जगह धान बारिश के कारण खराब होती दिखाई दी।
विधायक ने कहा कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में धान का समय पर उपयोग या उचित निपटारा कर दिया जाता तो इसे इस तरह खराब होने से बचाया जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह धान जरूरतमंद गरीबों के काम आ जाती तो ज्यादा बेहतर होता।
अधिकारी बोले- पांच से छह साल पुरानी है धान
मामले में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी वैद्यनाथ वासनिक ने बताया कि ओपन कैंप में रखी धान करीब पांच से छह साल पुरानी है। उनके अनुसार, इस धान की खरीदी उस समय गोगरिन कंपनी ने की थी। धान का समय पर उठाव क्यों नहीं हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि धान के निपटारे के लिए शासन को डीसीसी (डिस्पोजल ऑफ कॉन्डेम्ड कमोडिटी) का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से अनुमति और निर्देश मिलने के बाद धान की नीलामी कराई जाएगी या फिर उसे गड्ढे में दबाकर नष्ट किया जाएगा।
कैंप में सुरक्षा के लिए तीन चौकीदार तैनात होने की जानकारी भी सामने आई है। विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष के निरीक्षण का वीडियो भी सामने आया है।
Tags
madhya pradesh
