MP News: 1 दिन की ट्रेनिंग ली, ड्यूटी पर बैठा और ₹90 हजार का कलेक्शन लेकर हुआ रफूचक्कर, इंदौर के उषाराज पेट्रोल पंप की घटना

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। अन्नपूर्णा इलाके के महूनाका स्थित उषाराज पेट्रोल पंप पर एक युवक ने महज एक दिन काम करने के बाद ₹90 हजार की रकम लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी नौकरी के लिए आया था और उसे एक दिन की ट्रेनिंग देने के बाद काम पर रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर आशीष चौहान की शिकायत पर विजय सिंह पुत्र विष्णुसिंह, निवासी फतेहपुर सीकरी, के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।

आशीष चौहान ने बताया कि विजय सिंह 20 जुलाई को नौकरी के लिए पेट्रोल पंप पर आया था। उसने अपना आधार कार्ड भी दिया। एक दिन की ट्रेनिंग के बाद 21 जुलाई की सुबह उसे ड्यूटी पर रखा गया। वह सुबह करीब 11 बजे काम पर पहुंचा।

रात करीब 11 बजे कर्मचारियों की ड्यूटी खत्म होने पर दिनभर की बिक्री का कलेक्शन काउंटर पर जमा किया जा रहा था। इसी दौरान विजय सिंह वहां मौजूद नहीं मिला। कर्मचारियों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उसने जो मोबाइल नंबर दिया था, वह भी बंद मिला।

सुपरवाइजर ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। जांच के बाद अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के दिए दस्तावेज और अन्य जानकारी के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post