दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल महानगर जबलपुर ने स्थानीय पत्रकार सुनील सेन के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बजरंग दल के जिला संयोजक सत्यम बर्मन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संजीवनी नगर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
थाना प्रभारी को सौंपे गए पत्र में बजरंग दल ने कहा कि संगठन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गरिमा’ का समर्थन करता है। संगठन का आरोप है कि दो दिन पूर्व पुलिस द्वारा बजरंग दल के एक कार्यकर्ता के खिलाफ धारा 151 के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी घटना को आधार बनाकर स्थानीय मीडियाकर्मी सुनील सेन ने अपने फेसबुक अकाउंट और सोशल मीडिया पेज के माध्यम से बजरंग दल के संबंध में कथित तौर पर अशोभनीय, अमर्यादित और भ्रामक खबरें प्रसारित कीं।
बजरंग दल पदाधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित खबरों से संगठन की छवि प्रभावित हुई है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। संगठन ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित पत्रकार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शिकायत पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
Tags
jabalpur
