Jabalpur News: 31.65 लाख की नकबजनी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खितौला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पालीवाल कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की नकबजनी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 31 लाख 65 हजार 200 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई एक अल्टो कार और एक अमेज कार तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जून की रात वह अपने नए मकान में परिवार के साथ चले गए थे। अगले दिन किराये के मकान पर पहुंचने पर मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और लाखों रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर खितौला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट और एफएसएल टीम की मदद ली। साथ ही ऐसे लोगों पर नजर रखी गई, जिनकी आय और जीवनशैली में अचानक बदलाव आया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पनागर थाना क्षेत्र के भरदा पड़रिया गांव निवासी अंकित कोरी, आकाश पटेल और शनि पटेल के पास अचानक काफी पैसा आ गया है और उन्होंने हाल ही में दो कारें खरीदी हैं। साथ ही वे चोरी के आभूषण गिरवी रखने या बेचने का प्रयास कर रहे हैं।

पूछताछ में कबूला चोरी का अपराध


सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने खितौला थाना क्षेत्र की पालीवाल कॉलोनी में सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 212.3 ग्राम सोने के आभूषण, 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई अमेज और अल्टो कार तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस को अन्य स्थानों से चोरी किए गए कुछ आभूषण भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस रिमांड पर लिए जाएंगे आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। अन्य चोरी की घटनाओं में बरामदगी और पूछताछ के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामवरण मिश्रा, आरक्षक ओमप्रकाश, परमजीत यादव तथा क्राइम ब्रांच की टीम के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश मिश्रा, मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक हितेंद्र रावत, आरक्षक रुस्तम अली, सत्येंद्र बिसेन, पंकज सिंह, रितेश शुक्ला और साइबर सेल के उपनिरीक्षक कपूर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post