दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लाल बाबा मंदिर में शनिवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसकर दो दानपेटियों के ताले तोड़ ले गए और उनमें रखी करीब 2 से 2.5 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मंदिर के पुजारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक मंदिर परिसर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने पहले पूरे परिसर का जायजा लिया, इसके बाद आराम से दानपेटियों के ताले तोड़े और उनमें रखी नकदी निकाल ली। वारदात के दौरान उन्हें किसी प्रकार का भय नहीं था और वे काफी देर तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे। चोरी करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह मंदिर खुलने पर दानपेटियां टूटी हुई मिलीं, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन को चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया। मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई राशि बरामद करने की मांग की है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दानपेटियों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई करीब 2 से 2.5 लाख रुपये की नकदी रखी थी, जिसे बदमाश अपने साथ ले गए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धनवंतरी नगर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और मंदिरों सहित सार्वजनिक धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
