Jabalpur News: बेटे को पिता-सौतेली मां से जान का खतरा, युवक बोला - 'हादसे में करा सकते हैं मेरी हत्या', 2024 में मारा था चाकू, 2025 में चलाई थी गोली; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के शिवधाम नगर निवासी आकाश पटेल ने अपने पिता हेमचंद पटेल, सौतेली मां वंदना पटेल और अन्य लोगों से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। आकाश ने आशंका जताई है कि भविष्य में उसके साथ सड़क हादसा, जानलेवा हमला या कोई अन्य अनहोनी होती है तो इसके लिए उसके पिता और उनके सहयोगी जिम्मेदार होंगे।

खेत में पहुंचे 40-50 लोग, CCTV तोड़ने का आरोप

आकाश के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को वह अपने खेत में खाद डाल रहा था। इसी दौरान उसके पिता हेमचंद पटेल, नितिन पटेल, कंजा और करीब 40-50 लोग खेत पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने खेत में लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए और फसल में जहरीली दवा डालकर उसे नष्ट करने का प्रयास किया।

आकाश का आरोप है कि खेत में अदालत के स्टे ऑर्डर से संबंधित लगाया गया सूचना बोर्ड भी उखाड़ दिया गया।

विरोध करने पर लात-घूंसों से मारपीट


शिकायत में आकाश ने बताया कि जब उसने खेत में हो रही कार्रवाई का विरोध किया तो कंजा ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद हेमचंद पटेल और नितिन पटेल ने उसके साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की। आकाश किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

इसके बाद वह माढ़ोताल थाने पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0667/2026 दर्ज किया है।

आकाश ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए आवेदन में कहा है कि घटना के बाद से उसका पूरा परिवार भय के माहौल में है। उसने आशंका जताई कि जमानत पर बाहर आए उसके पिता हेमचंद पटेल, सौतेली मां वंदना पटेल, भाई नितिन पटेल, विजय पटेल, कंजा और वंदना की मां मिलकर उसके या उसके परिवार के खिलाफ दोबारा हमला करवा सकते हैं। युवक ने पुलिस प्रशासन से अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।


जमानत निरस्त करने की मांग


आकाश ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जमानत की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए उसके पिता हेमचंद पटेल की जमानत निरस्त करने के लिए अदालत में प्रतिवेदन भेजा जाए।

साथ ही उसने पुलिस से मांग की है कि भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ किसी तरह की अनहोनी होने पर शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post