MP News: दतिया में युवक के अपहरण-मारपीट मामले में 4 गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और हथियार जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। पुरानी रंजिश के चलते युवक को स्कॉर्पियो से अगवा कर मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, लाठी-डंडे और फरसे जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का बाजार में जुलूस भी निकाला।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दशरथ यादव, शैलेन्द्र यादव, संजू यादव और राघवेंद्र यादव, सभी निवासी ग्राम महेवा, के रूप में हुई है। कोतवाली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर हेमा गौतम के अनुसार, चारों को निचरौली रोड से गिरफ्तार किया गया। मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बाइक रोककर पवन को जबरन ले गए

पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम महेवा निवासी पवन यादव (24) अपने भाई संजय के साथ वकील से मिलने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस लिखी स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। संजय किसी तरह वहां से भाग निकला, जबकि आरोपियों ने पवन को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया।

तलाश के दौरान रात करीब 8 बजे पवन लक्ष्मणपुरा गांव के पास सड़क किनारे गंभीर घायल हालत में मिला। उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें थीं। उसे पहले इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया।

10 बीघा जमीन को लेकर विवाद

पुलिस के अनुसार, पवन और आरोपियों के बीच करीब 10 बीघा जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया गया है कि पवन के चाचा आरोपियों को जमीन बेचकर गांव से चले गए थे, लेकिन पवन ने आरोपियों को जमीन नहीं दी और उस पर अपना कब्जा बनाए रखा। इसी जमीन विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाए थे। पुलिस ने इन्हीं वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस फरार आरोपियों की भूमिका और घटना में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post