दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बालाघाट। तिरोड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति कुएं में कूद गया, जिसे मोहल्ले के लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
चार वार किए, दो गले पर लगे
पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब 8 से 9 बजे की है। नल आने के बाद पानी भरने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर पति कमल कठौते ने पत्नी आरती कठौते पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने करीब चार वार किए, जिनमें दो वार गले पर लगे। गंभीर चोटों के कारण आरती ने घर में ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद कुएं में कूदा आरोपी
घटना के बाद कमल घर से बाहर निकला और चिल्लाकर लोगों को बताया कि उसने पत्नी पर हमला कर दिया है। इसके बाद वह आत्महत्या के इरादे से कुएं में कूद गया। मोहल्ले के लोगों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
एफएसएल टीम ने बरामद किया खून लगा चाकू
घटना की सूचना मिलते ही तिरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून लगा चाकू भी बरामद किया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठ साल पहले हुई थी शादी
एसडीओपी विकास शर्मा के मुताबिक, आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी से विवाद करता था। दोनों की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। उनकी तीन साल की बेटी भी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
