₹3,000 करोड़ की ड्रग्स के साथ 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, ईरानी नाव से मुंबई ले जा रहे थे खेप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹3,000 करोड़ की ड्रग्स के साथ 5 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ईरानी नाव के जरिए 526 किलो मेथामफेटामाइन और हेरोइन की खेप समुद्री रास्ते से मुंबई ले जा रहे थे।

सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई 25 सितंबर 2026 को लक्षद्वीप के पास की थी। हालांकि, इसकी जानकारी बुधवार को सामने आई। खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र और हवा से संदिग्ध नाव की निगरानी की। इसके बाद लक्षद्वीप के पश्चिम में नाव को रोककर तलाशी ली गई।

ड्रग्स और नाव को मुंबई लाया गया

तलाशी के दौरान नाव से बड़ी मात्रा में मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद हुई। सुरक्षा बलों ने नाव, चालक दल और जब्त ड्रग्स को सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंचाया है। यहां आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अप्रैल 2025 में भी पकड़ी गई थी बड़ी खेप

इससे पहले अप्रैल 2025 में गुजरात तट के पास भी गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने करीब 311 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की थी। इसकी कीमत करीब ₹1,800 करोड़ बताई गई थी।

जांच के मुताबिक, यह खेप पाकिस्तान के पसनी पोर्ट से तमिलनाडु ले जाई जा रही थी। सुरक्षाबलों को देखकर तस्करों ने ड्रग्स समुद्र में फेंक दी थी और पाकिस्तान की समुद्री सीमा की ओर भाग गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post