दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जालंधर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में आयोजित भाजपा की नशामुक्त पंजाब रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को चिट्टे के नशे में धकेल दिया है। भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
अमित शाह ने पंजाब के युवाओं से भाजपा को मौका देने की अपील करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिट्टा बेचने वालों को चुन-चुनकर जेल में डाला जाएगा और पंजाब में एक ग्राम ड्रग भी नहीं बिकने दिया जाएगा।
शाह ने भगवंत मान सरकार पर लगाए आरोप
शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने नशे के व्यापार को रोकने के बजाय इसे और बढ़ाया है। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली के शराब घोटाले में पकड़े गए लोग पंजाब को नशामुक्त कैसे कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने तीन साल में एंटी-ड्रग्स को लेकर एक भी बैठक नहीं की और जालंधर में एनसीबी का कार्यालय खोलने के केंद्र के प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया।
शाह ने पंजाब सरकार पर विज्ञापन, भूमि, पंजीरी और खनन से जुड़े कथित घोटालों के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सालाना 785 करोड़ रुपए विज्ञापन पर खर्च कर रही है। साथ ही उन्होंने 25 लाख नौकरियां देने, 16 हजार क्लीनिक और 16 मेडिकल कॉलेज बनाने तथा 26 फसलों पर एमएसपी देने के वादों को लेकर भी सवाल उठाए।
किसानों और युवाओं का भी किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि पंजाब के किसानों ने देश के अन्न भंडार को भरने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने 26 फसलों पर एमएसपी देने का वादा पूरा नहीं किया, जबकि हरियाणा में किसानों को फसलों पर एमएसपी दी गई है।
युवाओं का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि नशे के कारण किसी होनहार युवा की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर युवाओं को नशे के दलदल से निकालने के साथ रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
4 हजार किलोमीटर चली नशामुक्त पंजाब यात्रा
भाजपा की ओर से निकाली गई नशामुक्त पंजाब यात्रा का बुधवार को जालंधर में समापन हुआ। भाजपा के मुताबिक यह यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से शुरू हुई थी और करीब 4 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी।
रैली से पहले अमित शाह ने जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और ज्योत जलाकर माथा टेका।
रैली स्थल को बम से उड़ाने की धमकी
अमित शाह की रैली से पहले कार्यक्रम स्थल को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली। कैंब्रिज स्कूल को भेजे गए ई-मेल में रैली के मंच के नीचे आईईडी रखे होने का दावा किया गया था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की जांच में वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
